Ranchi Airport थाना क्षेत्र में गोलीबारी, एक युवक की मौत
Ranchi: राजधानी रांची में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. ताजा मामला एयरपोर्ट थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक होटल में हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, अज्ञात अपराधी बाइक पर सवार होकर आए और होटल के पास मनीष कुमार पर गोली चला दी. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. डॉक्टरों के मुताबिक मनीष कुमार के पेट में गोली लगी थी, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. इसके अलावा पुलिस अपने मानवीय सूचना तंत्र की मदद से भी आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में राजधानी में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं. होली से एक दिन पहले भी अनगड़ा इलाके में अपराधी देव सिंह मुंडा और उसके गैंग ने शराब दुकान पर फायरिंग की थी. हालांकि उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. फिलहाल एयरपोर्ट थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है.


