रांची में ताइक्वांडो समर कैम्प का सफल आयोजन, बच्चों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर
Ranchi: जिला ताइक्वांडो संघ की ओर से सोमवार को धुर्वा बालालॉंग चौक स्थित Rambo River Water Park में एक दिवसीय ताइक्वांडो समर कैम्प का सफल आयोजन किया गया। कैम्प में रांची के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित ताइक्वांडो विद्यार्थियों ने भाग लिया और उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कैम्प के दौरान प्रतिभागियों को पंचिंग, किकिंग और फाइटिंग स्किल्स का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने बच्चों को ताइक्वांडो की बुनियादी तकनीकों के साथ-साथ अनुशासन, आत्मरक्षा और आत्मविश्वास के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। आयोजन को बच्चों के लिए रोचक और यादगार बनाने के उद्देश्य से ताइक्वांडो प्रशिक्षण के साथ वाटर मस्ती और लंच की भी व्यवस्था की गई। बच्चों ने प्रशिक्षण के साथ-साथ मनोरंजन का भी भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना था। आयोजकों ने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर झारखंड ताइक्वांडो संघ के वर्किंग चेयरमैन मिथलेश कुमार सिंह, रैम्बो रिवर वाटर पार्क के सचिन सिंह, वार्ड 38 के पार्षद अवधेश ठाकुर और पूर्व पार्षद दीपक लोहरा ने संयुक्त रूप से कैम्प का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में प्रीतम कुमारी, अनंत नाग चंदन, तारकांत पटेल, करमचंद भगत, चंदन कुमार, संजय मुंडा, विवेक दुबे और बजरंग ठाकुर सहित कई प्रशिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित रूप से खेल और आत्मरक्षा प्रशिक्षण से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कैम्प के सफल आयोजन को प्रतिभागियों और अभिभावकों ने सराहा तथा भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की मांग की।


