Assam Elections: हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर ‘3 देशों के पासपोर्ट’ का आरोप, पवन खेड़ा पर CM का कड़ा जवाब
Assam Elections: हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर ‘3 देशों के पासपोर्ट’ का आरोप, पवन खेड़ा पर CM का कड़ा जवाबअसम विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है. कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी सरमा पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनके पास संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र और एंटीगुआ और बारबुडा के पासपोर्ट हैं. खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि दुबई में उनकी संपत्तियां हैं और अमेरिका के व्योमिंग में एक बड़ी कंपनी से संबंध है, जिसका जिक्र चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या रिंकी सरमा भारतीय नागरिक हैं, क्योंकि भारत दोहरी नागरिकता की अनुमति नहीं देता. साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी, उनकी उम्मीदवारी रद्द करने और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मामले में हस्तक्षेप कर विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग भी की.
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसे कांग्रेस की हताशा और चुनावी साजिश बताया. उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, विपक्ष बेबुनियाद आरोप लगाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है. सरमा ने आरोपों को पूरी तरह मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए साफ किया कि वे और उनकी पत्नी पवन खेड़ा के खिलाफ 48 घंटे के भीतर आपराधिक और दीवानी मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे. उन्होंने कांग्रेस द्वारा पेश किए गए दस्तावेजों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनमें कई तकनीकी और तथ्यात्मक गड़बड़ियां हैं, जैसे पासपोर्ट में नाम और तस्वीरों का मेल नहीं खाना, दस्तावेजों में डिजिटल छेड़छाड़ के संकेत, वर्तनी और तारीखों में त्रुटियां तथा एक QR कोड का अमान्य होना. इस पूरे विवाद ने चुनाव से ठीक पहले असम की राजनीति को और गर्मा दिया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी टकराव और बढ़ने की संभावना है.


