Bihar में भर्ती का अजीब मामला: एडमिट कार्ड में लगी कुत्ते की तस्वीर

Rohtas: Bihar के रोहतास जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने सरकारी भर्ती प्रक्रिया और ऑनलाइन आवेदन प्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां एक अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड में उसकी अपनी तस्वीर की जगह कुत्ते की फोटो लगने का मामला सामने आया है. जब अभ्यर्थी ने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो यह देखकर वह खुद भी दंग रह गया. अब यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जानकारी के अनुसार यह मामला रोहतास जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल के धावा गांव का है. यहां के रहने वाले रितेश कुमार ने वर्ष 2022 में सिविल कोर्ट में चपरासी पद के लिए आवेदन किया था. भर्ती प्रक्रिया लंबे समय तक लंबित रहने के बाद वर्ष 2026 में इस पद के लिए परीक्षा आयोजित होने जा रही है. हाल ही में परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किए गए.

जब रितेश कुमार ने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो उसमें एक अजीब गलती सामने आई. एडमिट कार्ड में उनका नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि और अन्य सभी जानकारी सही दर्ज थी, लेकिन फोटो की जगह उनकी तस्वीर के स्थान पर कुत्ते की तस्वीर दिखाई दे रही थी. यह देखकर रितेश कुमार कुछ समय के लिए समझ ही नहीं पाए कि आखिर यह गलती कैसे हो गई. रितेश कुमार ने बताया कि उन्होंने एडमिट कार्ड को दोबारा जांचा, लेकिन हर बार वही तस्वीर दिखाई दी. इसके बाद उन्होंने संबंधित विभाग और बोर्ड को शिकायत भेजकर एडमिट कार्ड में सुधार की मांग की है, ताकि उन्हें परीक्षा देने में किसी तरह की परेशानी न हो.

जानकारी के मुताबिक सिविल कोर्ट में चपरासी पद के लिए लिखित परीक्षा 15 मार्च को आयोजित की जानी है. रितेश कुमार का परीक्षा केंद्र सहरसा जिले में निर्धारित किया गया है. ऐसे में एडमिट कार्ड में हुई इस गंभीर त्रुटि के कारण वह काफी चिंतित हैं. इस मामले को लेकर जब बिक्रमगंज के एसडीएम प्रभात कुमार से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उनके पास अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं आई है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस तरह की लापरवाही सामने आती है तो इसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग भर्ती प्रक्रिया में हुई इस गड़बड़ी पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. हालांकि वायरल एडमिट कार्ड की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *