Maiya Samman Yojana का भुगतान: रांची की 3.87 लाख महिलाओं के खाते में 96.79 करोड़ रुपये ट्रांसफर

Ranchi: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री Maiya Samman Yojana के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को बड़ी राहत मिली है. फरवरी माह की सम्मान राशि लाभुकों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी गई है. जिला प्रशासन के अनुसार, जिले की 3 लाख 87 हजार 174 महिलाओं के खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रति लाभुक 2500 रुपये की दर से राशि भेजी गई है. इस तरह कुल 96 करोड़ 79 लाख 35 हजार रुपये की राशि लाभुकों के खातों में जमा कराई गई है. इससे पहले जनवरी महीने की किस्त भी लाभुकों को दी जा चुकी है, जिससे महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग मिल रहा है.

फरवरी माह में जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना का लाभ मिला है. इनमें प्रमुख रूप से अनगड़ा (16,607), अरगोड़ा शहरी क्षेत्र (12,956), बड़गाईं शहरी क्षेत्र (9,495), बेड़ो (20,496), बुंडू (8,438), बुंडू नगर पंचायत (3,487), बुढ़मू (17,737), चान्हो (19,673), हेहल शहरी क्षेत्र (15,191), ईटकी (10,301), कांके (31,443), कांके शहरी क्षेत्र (1,309), खलारी (9,529), लापुंग (11,301), मांडर (22,984), नगड़ी (17,747), नगड़ी शहरी क्षेत्र (8,058), नामकुम (17,777), नामकुम शहरी क्षेत्र (9,389), ओरमांझी (18,092), राहे (9,519), रातू (18,476), सिल्ली (21,045), सोनाहातू (13,018), तमाड़ (18,420) और सदर शहरी क्षेत्र (24,686) की महिलाएं शामिल हैं.

रांची के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी Manjunath Bhajantri ने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे. उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि या देरी न हो. प्रशासन लगातार योजना की निगरानी कर रहा है ताकि लाभुकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी लाभुक को राशि प्राप्त करने में कोई समस्या आती है तो उसका त्वरित समाधान किया जाएगा. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इस योजना के माध्यम से राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें नियमित वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *