Mumbai में चौंकाने वाली वारदात: कढ़ाई की मछली को लेकर शक में दोस्त की हत्या
Mumbai के वनराई इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कढ़ाई में बनी मछली गायब होने के शक में दो दोस्तों ने अपने ही साथी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस जांच में सामने आया कि मछली किसी ने नहीं खाई थी, बल्कि उसे चूहे खा गए थे. इस मामले में वनराई पुलिस ने दो आरोपियों को हरियाणा के कैथल से गिरफ्तार किया है.
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक मृतक अफसर (35) की दोस्ती सुरेश और राजेश उर्फ नेपाली से थी. 23 फरवरी की सुबह तीनों दोस्त मछली लेकर आए और साथ में खाना बनाने लगे. इस दौरान तीनों शराब भी पी रहे थे. कुछ देर बाद सुरेश और राजेश को नींद आ गई और दोनों सो गए, जबकि अफसर वहीं बैठकर शराब पीता रहा. अधिक नशे के कारण वह भी वहीं सो गया. इस बीच कढ़ाई में पकी मछली ठंडी हो गई और झोपड़ी में मौजूद बड़े-बड़े चूहों ने उसे खा लिया, जिससे कढ़ाई खाली हो गई.
मछली गायब देख भड़क गया गुस्सा
शाम को जब सुरेश और राजेश की नींद खुली तो उन्होंने कढ़ाई में मछली नहीं देखी. उन्हें शक हुआ कि अफसर ने ही सारी मछली खा ली है और वह सो रहा है. इसी शक में दोनों गुस्से में आ गए. दोनों ने पहले अफसर को जगाने की कोशिश की, लेकिन जब वह गहरी नींद से नहीं उठा तो उन्होंने लात-घूंसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी. आरोप है कि दोनों ने पत्थर से भी उस पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. जब दोनों ने अफसर को खून से लथपथ देखा तो घबरा गए और वहां से फरार हो गए. इसके बाद वे हरियाणा के कैथल भाग गए, जहां उनमें से एक आरोपी का घर है.
जांच में पुलिस को आई मुश्किलें
मामले की जांच कर रहे वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गिरीश गीतांजलि बने के मुताबिक, इस केस की जांच पुलिस के लिए काफी चुनौतीपूर्ण थी. मृतक और आरोपियों के पास न तो मोबाइल फोन था और न ही कोई पहचान पत्र. पुलिस ने इलाके में रहने वाले करीब 200 कचरा चुनने वालों से पूछताछ की. इसी दौरान मृतक की पहचान हुई और एक आरोपी का सुराग मिला. इसके बाद पुलिस की टीम हरियाणा के कैथल पहुंची और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी को भी पकड़ लिया गया. दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए खेतों में छिपकर रह रहे थे.


