रांची उत्पाद सिपाही परीक्षा पेपर लीक कांड का बड़ा खुलासा, सरगना अतुल वत्स समेत 164 गिरफ्तार

Ranchi: झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा के पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय सॉल्वर और पेपर लीक गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में मुख्य सरगना अतुल वत्स समेत कुल 164 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 159 अभ्यर्थी शामिल हैं. गिरफ्तार अभ्यर्थियों में 7 महिलाएं भी शामिल हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड बिहार के जहानाबाद का रहने वाला अतुल वत्स है, जो लंबे समय से विभिन्न राज्यों में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक कराने का काम करता रहा है.

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह अभ्यर्थियों से 10 से 15 लाख रुपये लेकर उन्हें परीक्षा पास कराने का सौदा करता था. पुलिस को सूचना मिली थी कि 150 से अधिक अभ्यर्थी संदिग्ध रूप से एक स्थान पर जमा हुए हैं. इसके बाद छापेमारी की गई, जिसमें मौके से प्रिंटर, तैयार प्रश्न-उत्तर सेट, फटे हुए एडमिट कार्ड, संदिग्ध मोबाइल फोन और बैंक चेक बरामद किए गए. इसके अलावा घटनास्थल से आठ वाहन भी जब्त किए गए हैं.

पुलिस ने इस मामले में तमाड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है. बताया जा रहा है कि अतुल वत्स पर नीट 2024 समेत कई बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक कराने के आरोप पहले से ही लगे हुए हैं, जिससे इस गिरोह के नेटवर्क का दायरा काफी व्यापक माना जा रहा है.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *