IND vs ENG Highlights: भारत ने इंग्लैंड को हराकर लिया एडिलेड का बदला, टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ंत
IND vs ENG Highlights: भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इस बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 246 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ ही भारत ने टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में एडिलेड में इंग्लैंड से मिली हार का बदला भी ले लिया. अब टी20 विश्व कप 2026 का खिताबी मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की. ओपनर संजू सैमसन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 42 गेंदों में 89 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. अभिषेक शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद ईशान किशन ने 18 गेंदों में 39 रन बनाकर संजू सैमसन का अच्छा साथ दिया और दोनों के बीच 97 रनों की अहम साझेदारी हुई. कप्तान सूर्यकुमार यादव 11 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन, हार्दिक पंड्या ने 12 गेंदों में 27 रन और तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन की तेज पारी खेलकर भारत को 253 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया. इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 61 रन और सैम करन ने 4 ओवर में 53 रन लुटाए, जबकि विल जैक्स और आदिल रशीद को दो-दो विकेट मिले.
253 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और फिल साल्ट (5) व हैरी ब्रूक (7) जल्दी आउट हो गए. इसके बाद जोस बटलर ने 17 गेंदों में 25 रन बनाए, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें बोल्ड कर दिया. हालांकि जैकेब बेथल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को मुकाबले में बनाए रखा. उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक और 45 गेंदों में शतक पूरा किया. बेथल ने 48 गेंदों में 105 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे. विल जैक्स ने भी 20 गेंदों में 35 रन बनाए, लेकिन अक्षर पटेल और शिवम दुबे की शानदार फील्डिंग के चलते उनका कैच आउट होना मैच का अहम मोड़ बन गया.
मैच के आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 30 रन चाहिए थे, लेकिन शिवम दुबे ने दबाव में शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत को 7 रन से जीत दिला दी. वहीं जसप्रीत बुमराह ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 33 रन देकर एक विकेट लिया और उनका 18वां ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. अब भारतीय टीम की नजरें टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताब जीतने पर होंगी.


