‘मैं अपनी मर्जी से भागी हूं…’, प्रेमी संग गई युवती ने वीडियो जारी कर परिवार को दी चेतावनी

बिहार के बेतिया जिले से युवक-युवती के घर से चले जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है. यह मामला नौतन थाना क्षेत्र के मंगलपुर बदरिया गांव का है, जहां से एक युवक और युवती अचानक लापता हो गए थे. दोनों के गायब होने के बाद अब सोशल मीडिया पर युवती का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने पूरे मामले को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती ने अपना नाम प्रतिभा कुमारी बताया है, जबकि युवक का नाम अमरेश कुमार बताया गया है. यह वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया गया है, जिसमें युवती साफ तौर पर कहती नजर आ रही है कि वह युवक के साथ अपनी मर्जी से घर से गई है और इस मामले में किसी तरह की जबरदस्ती या अपहरण का आरोप नहीं लगाया जाना चाहिए.

केस वापस लेने की अपील

वीडियो में युवती ने आरोप लगाया है कि उसके परिजनों द्वारा युवक के परिवार पर मामला दर्ज कराया गया है. उसने अपील की है कि यह केस वापस लिया जाए. युवती ने यह भी कहा कि युवक उसे लेकर नहीं भागा, बल्कि वह स्वयं उसके साथ घर से निकली है.

परिवार पर लगाए गंभीर आरोप

युवती ने वीडियो के जरिए यह चेतावनी भी दी कि यदि उनके साथ किसी तरह की अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी उसके घरवालों की होगी. उसने दावा किया कि वह किसी दबाव या मजबूरी में नहीं है और पूरी तरह सुरक्षित है.

गांव में चर्चाओं का दौर

वीडियो सामने आने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रहे हैं.

पुलिस की ओर से बयान का इंतजार

फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. हालांकि, वायरल वीडियो के बाद पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *