Jamshedpur: नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड 9 की पार्षद प्रत्याशी प्रेमी संग लापता, इलाके में मची हलचल
Jamshedpur: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड संख्या 9 से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. पार्षद पद की प्रत्याशी राखी मार्डी कथित तौर पर अपने प्रेमी प्रेमचंद मार्डी के साथ घर से चली गई हैं, जिससे इलाके की राजनीति में हलचल मच गई है. बताया जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में नामांकन दाखिल किया था और चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से भाग ले रही थीं.
राखी मार्डी के पति राकेश मार्डी ने आरोप लगाया है कि प्रेमचंद मार्डी उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. इस मामले में राकेश अपने परिजनों के साथ उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचे और प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपी. साथ ही संबंधित थाने में प्रेमचंद के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. परिवार का कहना है कि चुनाव के ऐन वक्त पर हुई इस घटना से वे गहरे सदमे में हैं.
इस घटनाक्रम से वार्ड 9 के मतदाताओं में नाराजगी और निराशा का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस प्रत्याशी को जनता अपना प्रतिनिधि चुनने की तैयारी कर रही थी, उसके अचानक गायब हो जाने से क्षेत्र की छवि प्रभावित हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
