रांची में बेकाबू एसयूवी का कहर: 6 लोगों को मारी टक्कर, एक की मौत, चालक फरार
Ranchi: रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित साउथ रेलवे कॉलोनी में बुधवार रात एक तेज रफ्तार और बेकाबू एसयूवी ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में हिनू निवासी धमेंद्र कुमार (40) की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना रात करीब 10 बजे दुर्गा मंदिर के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साउथ रेलवे कॉलोनी में आयोजित एक गृह प्रवेश कार्यक्रम से लौट रहे कुछ लोग पैदल रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे. तभी डोरंडा की ओर से तेज रफ्तार काले रंग की एसयूवी आई और सड़क किनारे चल रहे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि लोग दूर जा गिरे और मौके पर अफरातफरी मच गई.
हादसे में धमेंद्र कुमार के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. उनका शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है. धमेंद्र कुमार एक मोबाइल टावर लगाने वाली कंपनी में कार्यरत थे. घायलों में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50), उनके पुत्र कुणाल नायडू (26), संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव शामिल हैं. अन्नपूर्णा और कुणाल का इलाज राज अस्पताल में चल रहा है, जबकि प्रशांत गौरव को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है.
बताया जा रहा है कि यही एसयूवी आगे बढ़ते हुए एक स्कूटी सवार मां-बेटे को भी टक्कर मारकर फरार हो गई. अन्नपूर्णा नायडू ने बताया कि वे अपने बेटे के साथ डोरंडा बाजार से खरीदारी कर लौट रही थीं, तभी अचानक एसयूवी ने टक्कर मार दी और संभलने का मौका तक नहीं मिला. हादसे के बाद चालक वाहन समेत रांची स्टेशन की ओर फरार हो गया. पुलिस ने आसपास के इलाकों और नेपाल हाउस की ओर जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. फरार वाहन और चालक की तलाश जारी है. इलाके में घटना के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें.
