पटना में दिनदहाड़े फायरिंग: शादी का कार्ड बांटने निकले दो भाइयों को मारी गोली

बिहार की राजधानी पटना से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के शिवाजी चौक के पास शादी का निमंत्रण पत्र बांटने जा रहे दो चचेरे भाइयों पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी गई. गोली लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, पिंटू कुमार और बिट्टू कुमार रविवार सुबह अपने रिश्तेदारों के यहां शादी का कार्ड देने निकले थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने शिवाजी चौक के पास उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. अचानक हुई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच करीब डेढ़ साल से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसे इस हमले की वजह माना जा रहा है. पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. सदर डीएसपी रंजन कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हमलावरों की पहचान अरमान और कारू के रूप में हुई है. दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

डीएसपी ने यह भी बताया कि कारू आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और पहले भी अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *