शादी में जाने के लिए बच्चे ने मांगी छुट्टी, टीचर के सवाल पर दिया ऐसा जवाब कि Video हो गया Viral
स्कूल की शुरुआती कक्षाओं में टीचर बच्चों की जिंदगी में बहुत खास जगह रखती हैं. इस उम्र में बच्चे अपनी बातें ठीक से समझा नहीं पाते, लेकिन जो महसूस करते हैं, उसे पूरे मासूमपन के साथ कह देते हैं. ऐसा ही एक प्यारा और दिल छू लेने वाला वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें राघव नाम का एक छोटा बच्चा अपनी टीचर से शादी में जाने के लिए छुट्टी मांगता नजर आ रहा है.
वायरल वीडियो में टीचर राघव से सवाल करती हैं कि अगर वह शादी में जाएगा तो पढ़ाई कैसे करेगा. इसके बाद वह मुस्कुराते हुए पूछती हैं, “जाना जरूरी है क्या?” इस पर राघव जो जवाब देता है, वही लोगों का दिल जीत रहा है. वह बड़े ही मासूम अंदाज में कहता है, “किताबें दे दो… कार्ड में मेरा नाम है न.” बच्चे का यह सीधा और भोला जवाब सुनकर टीचर भी मुस्कुरा देती हैं.
राघव का यही जवाब सोशल मीडिया पर लोगों को इतना पसंद आया कि वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया. अब तक इस वीडियो को 13 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जबकि 7 लाख 59 हजार से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं. कमेंट सेक्शन में यूजर्स बच्चे की मासूमियत की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
वायरल होने के बाद इंस्टाग्राम पर राघव का एक और वीडियो शेयर किया गया है. इस वीडियो में वह शादी के कार्ड में अपना नाम दिखाता नजर आ रहा है. खास बात यह है कि कार्ड में राघव का नाम दो जगह लिखा हुआ है, जिसे देखकर लोग और भी भावुक हो गए.
यह पूरा मामला इस बात को भी उजागर करता है कि जब स्कूल में टीचर बच्चों के साथ अपनापन और मातृत्व जैसा व्यवहार करती हैं, तो बच्चे उनसे बिना झिझक अपनी दिल की बातें कह पाते हैं. नन्हे बच्चों के व्यक्तित्व विकास में टीचर की बोली और व्यवहार का गहरा असर पड़ता है. शायद यही वजह है कि राघव का यह मासूम पल आज लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला रहा है.
