Bharat Bandh Today : देशभर में हड़ताल पर 30 करोड़ श्रमिक, बैंक और परिवहन सेवाएं प्रभावित होने के आसार

देश में आज व्यापक स्तर पर भारत बंद का असर देखने को मिल सकता है. ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच ने केंद्र सरकार की कथित मजदूर-विरोधी, किसान-विरोधी और कॉरपोरेट समर्थक नीतियों के विरोध में देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है. इस आंदोलन में करीब 30 करोड़ श्रमिकों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है.

कई संगठनों का समर्थन, बड़ी भागीदारी की संभावना

हड़ताल को विभिन्न श्रमिक और कर्मचारी संगठनों का समर्थन मिला है. यूनियनों का कहना है कि बड़ी संख्या में कर्मचारी और मजदूर इस आंदोलन में हिस्सा ले सकते हैं, जिससे देशभर में कामकाज प्रभावित हो सकता है.

बिजली, बैंकिंग, परिवहन समेत कई सेवाओं पर असर

ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (AITUC) की महासचिव अमरजीत कौर ने बताया कि हड़ताल के कारण बिजली, बैंकिंग, बीमा, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, गैस और जलापूर्ति जैसी जरूरी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं.

हालांकि सभी बैंक यूनियन इस हड़ताल में शामिल नहीं होंगी. कुछ बैंक संगठनों ने पहले ही 27 जनवरी को हड़ताल की थी. इसके बावजूद एआईबीईए, एआईबीओए और बीईएफआई जैसी बैंक कर्मचारी यूनियनें इस आंदोलन का हिस्सा बनेंगी.

पिछली हड़ताल में 550 जिलों पर पड़ा था असर

पिछले वर्ष 9 जुलाई को आयोजित आम हड़ताल में करीब 25 करोड़ श्रमिकों ने भाग लिया था, जिसका असर देश के 550 से अधिक जिलों में देखा गया था. यूनियन नेताओं के अनुसार, इस बार भी बड़े पैमाने पर भागीदारी की उम्मीद है.

बताया जा रहा है कि कई जिलों में श्रम आयुक्तों ने यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की हैं, लेकिन संगठनों ने साफ किया है कि आंदोलन पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार ही चलेगा.

राहुल गांधी का सरकार पर निशाना

भारत बंद को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार अब आम लोगों और मजदूरों की आवाज सुनेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *