झारखंड में बढ़ेगी ठंड, रांची में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिरने के आसार

Ranchi: रांची समेत पूरे झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान ठंड में इजाफा होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से राज्य में तापमान में गिरावट शुरू होगी, जिससे खासकर रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ेगी. कई इलाकों में सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा और कुहासा छाए रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में रांची के न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह कुहासा रहेगा, जबकि शुक्रवार से आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. साफ मौसम के चलते ठंडी हवाओं का असर और तेज हो सकता है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहा. कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा और कुहासा देखा गया. इस अवधि में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा और सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार की सुबह कहीं-कहीं हल्का कोहरा या कुहासा रहेगा, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा. अगले तीन दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक गिरावट हो सकती है. इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
रांची मौसम केंद्र ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है. इसके असर से अगले 24 घंटों के बाद ठंड और बढ़ सकती है. न्यूनतम के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट के आसार हैं.

खूंटी, गुमला, पलामू, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा खरसावां सहित दक्षिणी जिलों में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह का कोहरा और दिन में चलने वाली ठंडी हवाएं लोगों को ठंड का एहसास कराएंगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *